संजय कपूर की संपत्ति विवाद में नया मोड़, हाईकोर्ट ने बहन मंधीरा कपूर का नाम हटाया

दिल्ली हाईकोर्ट में संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की सम्पति को लेकर चल रहे विवाद में मधिरा कपूर का नाम गलती से जुड़ने की बात कहते हुए अदालत ने उनका नाम हटाने का आदेश दिया.;

Update: 2025-09-14 04:18 GMT

Sanjay Kapur Property Case : बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत के बाद उनकी लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर शुरू हुआ विवाद अब अदालत तक पहुंच चुका है। परिवार की कलह सार्वजनिक होते-होते अब मामला और उलझता दिख रहा है। शनिवार को इस विवाद में एक अहम पड़ाव सामने आया, जब दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर का नाम कार्यवाही से हटा दिया।


कोर्ट ने माना गलती से जुड़ा नाम

दिल्ली हाईकोर्ट ने साफ किया कि मंधीरा न तो इस मुकदमे में पक्षकार हैं और न ही उन्होंने खुद को पक्षकार बनाने की मांग की थी। कोर्ट के रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि गलती से उनका और उनके वकील का नाम दस्तावेजों में जुड़ गया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें मामले से अलग करने का आदेश दिया।


प्रिया सचदेव ने उठाई ‘बैक डोर एंट्री’ की बात

सुनवाई के दौरान संजय की तीसरी पत्नी और विधवा प्रिया सचदेव ने याचिका दायर कर आपत्ति जताई थी कि मंधीरा कपूर का नाम रिकॉर्ड में ‘बैक डोर एंट्री’ से जोड़ा गया है। उनका कहना था कि यह कदम किसी लाभ के लिए उठाया गया, जबकि मंधीरा ने कभी आवेदन ही नहीं किया। कोर्ट ने प्रिया की इस दलील को मानते हुए रिकॉर्ड में सुधार कर दिया।


12 जून को संजय कपूर का निधन

संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को हार्ट अटैक से हुआ था। इसके बाद से ही उनकी अरबों की संपत्ति पर परिजनों में विवाद बढ़ गया है।


करिश्मा कपूर के बच्चों बनाम प्रिया सचदेव

प्रिया सचदेव का दावा है कि संजय की विधवा होने के नाते पूरी संपत्ति पर उनका अधिकार है। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि संजय ने अपने ट्रस्ट के ज़रिए करीब 1900 करोड़ रुपये की संपत्ति करिश्मा कपूर के बच्चों (समायरा और किआन) के नाम कर दी थी।

दूसरी ओर, करिश्मा के बच्चों ने खुद को क्लास-1 वारिस बताते हुए सौतेली मां प्रिया पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रिया ने जो वसीयत पेश की है, वह पूरी तरह से फर्जी है।


मंधीरा कपूर की प्रतिक्रिया

हाल ही में एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में मंधीरा कपूर ने कहा था कि प्रिया ने उनसे दूरी बना ली है। वहीं उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी भाभी करिश्मा कपूर के साथ उनका रिश्ता काफी मजबूत हो गया है और वह उनकी सबसे अच्छी दोस्त बन गई हैं।


Tags:    

Similar News