'PAN PAN PAN' का एलान और हवा में संकट, जमीन पर इंडिगो की सुरक्षित लैंडिंग
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 6271 में उड़ान के दौरान इंजन में खराबी आने पर मुंबई एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।;
Indigo Flight Emergency Landing: दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6271 को मंगलवार देर रात इंजन में तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति में मुंबई एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। फ्लाइट के पायलट ने उड़ान के दौरान PAN PAN PAN (गंभीर लेकिन जानलेवा नहीं आपातकाल की चेतावनी) का एलान किया और फिर विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई में उतार लिया गया। विमान में कुल 191 लोग सवार थे।
कहां और कैसे हुई घटना?
यह एयरबस A320neo विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भर चुका था। लेकिन जब फ्लाइट भुवनेश्वर के उत्तर में लगभग 100 नॉटिकल मील की दूरी पर उड़ रही थी, तभी इंजन नंबर 1 में खराबी का संकेत मिला।एक अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, “इंजन नंबर 1 में गड़बड़ी के चलते पायलट ने ‘PAN PAN PAN’ का एलान किया। यह अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में एक विशेष कोड होता है, जो आपात स्थिति तो दर्शाता है लेकिन वह जानलेवा नहीं होती।”
रात 9:32 बजे मुंबई की ओर मोड़ा गया विमान
करीब रात 9:32 बजे फ्लाइट क्रू ने मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत तुरंत एम्बुलेंस और दमकल वाहन रनवे पर तैयार रखे गए। विमान को सुरक्षित रूप से रात 9:53 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया, जो तय समय से दो मिनट पहले था।
इंडिगो का बयान
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे ‘तकनीकी खराबी’ बताया। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, 16 जुलाई को फ्लाइट 6E 6271 में दिल्ली से गोवा के बीच उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी पाई गई, जिसके बाद विमान को मुंबई डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया।सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बताया गया है। विमान को जांच और मरम्मत के लिए रखा गया है, और यात्रियों को मंज़िल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।
स्पाइसजेट और एक अन्य इंडिगो फ्लाइट में भी तकनीकी दिक्कतें
इसी रविवार यानी 13 जुलाई को पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट भी टेक-ऑफ से ठीक पहले तकनीकी गड़बड़ी के कारण रोक दी गई। यह फ्लाइट मूलतः 13 जुलाई दोपहर 12 बजे रवाना होनी थी, लेकिन नौ घंटे से अधिक की देरी के साथ 9:05 बजे रात में उड़ान भरी। यात्रियों के मुताबिक विमान रनवे की ओर टैक्सी करने के बाद अचानक रुक गया, जिससे भ्रम और घबराहट की स्थिति पैदा हो गई। करीब एक घंटे तक यात्रियों को विमान के भीतर ही रखा गया और फिर दोबारा बोर्डिंग करवाई गई।
पिछले सप्ताह भी एक इंडिगो फ्लाइट 6E-7295, जो इंदौर से रायपुर जा रही थी, टेक-ऑफ के बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आई थी। इसमें 51 यात्री सवार थे। इंदौर एयरपोर्ट के निदेशक विपिनकांत सेठ के मुताबिक, विमान करीब 60 नॉटिकल मील की दूरी तय कर चुका था जब पायलट को तकनीकी समस्या का पता चला और उसने विमान को लौटाने का फैसला लिया।
हाल के दिनों में लगातार तकनीकी खराबियों की घटनाएं सामने आ रही हैं चाहे वो इंडिगो की हों या स्पाइसजेट की। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया है, लेकिन यह घटनाएं विमानन सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं। DGCA और संबंधित एजेंसियों के लिए यह समय है कि वे इन लगातार हो रही घटनाओं की गंभीरता से जांच करें।